#bnnindianews
चंडीगढ़ के वार्ड नंबर-27 से बीजेपी पार्षद गुरबक्श रावत इन दिनों अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में सोमवार को उन्होंने सेक्टर 40-C के विभिन्न पार्कों के आसपास फुटपाथों के पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य के तहत पेवर ब्लॉक्स लगाकर फुटपाथों को नया रूप दिया जाएगा।
कार्य शुभारंभ के मौके पर नगर निगम अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में वार्ड निवासी भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने फुटपाथों के कायाकल्प पर खुशी जाहिर करते हुए पार्षद गुरबक्श रावत और नगर निगम चंडीगढ़ का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से फुटपाथों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी।
इस अवसर पर पार्षद गुरबक्श रावत ने कहा कि वार्ड का चहुंमुखी विकास, स्वच्छता और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उनकी प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और लोगों की जरूरतों के अनुसार नई योजनाएं भी लागू की जाएंगी।
वहीं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-40 के प्रधान तरसेम शर्मा ने कहा कि पार्षद गुरबक्श रावत हमेशा स्थानीय निवासियों की मांगों को प्राथमिकता देती हैं और उसी के अनुरूप विकास कार्य करवाती हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के हर क्षेत्र में लोगों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर काम करवाना उनकी कार्यशैली की खासियत है।
सेक्टर 40-C के एमआईजी प्रधान भूपिंदर रंधावा और ईडब्ल्यूएस प्रधान करनैल सिंह ने बताया कि इस परियोजना के तहत पुराने और क्षतिग्रस्त फुटपाथों की री-लेवलिंग, इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक्स बिछाने और पार्कों के आसपास के क्षेत्रों को व्यवस्थित व आकर्षक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मांग काफी समय से लंबित थी, जिसे अब पूरा किया गया है।

