#bnnindianews
फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत 13वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा “संडे ऑन साइकिल” अभियान के 75वें संस्करण का उत्साहपूर्वक आयोजन
श्रीमती कमल सिसोदिया, कमांडेंट 13वीं बटालियन के नेतृत्व में Central Reserve Police Force 13वीं बटालियन द्वारा भारत सरकार के “फिट इंडिया मूवमेंट” के अंतर्गत “संडे ऑन साइकिल” अभियान के 75वें संस्करण का आयोजन बड़े उत्साह एवं सकारात्मक वातावरण में किया गया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर श्रीमती कमल सिसोदिया, कमांडेंट 13वीं बटालियन ने “संडे ऑन साइकिल” अभियान के अंतर्गत आयोजित साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं जवानों का नेतृत्व करते हुए रैली में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने 30 किलोमीटर से अधिक साइकिल चलाकर नेतृत्व, अनुशासन एवं फिटनेस के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
उनकी सक्रिय भागीदारी ने नारी शक्ति का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया तथा यह संदेश दिया कि शारीरिक फिटनेस पुरुषों एवं महिलाओं – दोनों के लिए समान रूप से आवश्यक है। उनके उत्साह एवं नेतृत्व ने जवानों को फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता, नियमित व्यायाम, फिटनेस तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित सकारात्मक संदेश दिए गए। साइकिल रैली के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं प्रदूषण मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया ने कहा कि 13वीं बटालियन के कार्मिकों द्वारा प्रदर्शित उत्साह, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता यह सिद्ध करती है कि सीआरपीएफ केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित बल ही नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं सामाजिक रूप से जिम्मेदार जीवनशैली का भी प्रतीक है। उन्होंने जवानों को भविष्य में भी फिटनेस एवं जनकल्याण से जुड़े अभियानों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अभियान का सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों पर अत्यंत सकारात्मक प्रभाव पड़ा। इससे जवानों में शारीरिक क्षमता, मानसिक उत्साह, आत्मविश्वास एवं टीम भावना को बढ़ावा मिला। कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया द्वारा बटालियन में फिटनेस एवं खेल गतिविधियों पर विशेष बल दिए जाने के परिणामस्वरूप बटालियन समय-समय पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक एवं विजयी स्थान प्राप्त करती रही है, जो जवानों की उच्च शारीरिक क्षमता एवं मनोबल को दर्शाता है।
कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ तथा सभी प्रतिभागियों ने साइकिलिंग जैसी पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। जवानों ने नियमित शारीरिक गतिविधियों एवं फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की भी शपथ ली।