Site icon

चंडीगढ़ में 16 मई को सजेगा हिमाचली संस्कृति का भव्य उत्सव

IMG 20260515 WA0316

#bnnindianews वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन आयोजित करेगा ‘प्रथम वार्षिक उत्सव न्यूंदर-2026’ मुख्य अतिथि सांसद अनुराग ठाकुर सहित कई गणमान्य हस्तियां रहेंगी उपस्थित

चंडीगढ़, 15 मई, हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन द्वारा 16 मई 2026 (शनिवार) को “प्रथम वार्षिक उत्सव न्यूंदर-2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सेक्टर-36 स्थित एमसीएमडीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ में शाम 5 बजे आयोजित होगा।

मुख्य अतिथि के रूप में अनुराग ठाकुर (सांसद, हमीरपुर एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार) उपस्थित रहेंगे।
इनके अतिरिक्त राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा तथा सांसद कांगड़ा-चंबा डॉ. राजीव भारद्वाज विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम की विशेष बात यह है कि आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर कारपूलिंग कर ईंधन बचाने का प्रयास किया जायेगा और साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर बल दिया जायेगा।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन आशा जसवाल और अध्यक्ष अमित राणा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य देश-विदेश में बसे हिमाचलियों को एक मंच पर जोड़ना तथा युवा पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से परिचित करवाना है। कार्यक्रम के दौरान हिमाचली संस्कृति की विविध रंगत देखने को मिलेगी।

 

समारोह का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध लोक गायक करनैल राणा की प्रस्तुति होगी, जो अपने लोकप्रिय हिमाचली लोकगीतों से समां बांधेंगे। साथ ही पारंपरिक हिमाचली नाटी एवं झमाकड़ा की मनमोहक प्रस्तुतियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी।

कार्यक्रम में हिमाचली व्यंजनों “धाम” का विशेष प्रबंध किया गया है, जहां आने वाले लोग पारंपरिक स्वाद का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा हिमाचल के गौरवशाली इतिहास, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों ने ट्राइसिटी एवं आसपास के क्षेत्रों में रह रहे हिमाचली समुदाय तथा संस्कृति प्रेमियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन यह आयोजन हिमाचली संस्कृति, भाईचारे और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। आशा जसवाल ने कहा कि संस्था भविष्य में भी हिमाचली पहचान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के महासचिव सुरेश राणा और मीनाक्षी ठाकुर, उपाध्यक्ष मोहिन्द्र निराला, केसी मलकानिया और राकेश शर्मा, प्रेस सचिव स्मिता कोहली, सचिव राजपाल डोगर, जनक सिंह राणा, मस्तान सिंह, साक्षाी शर्मा, विशाल डोगरा, जीएल बतरा, रजनी ठाकुर और देवेन्द्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष राजीव ठाकुर तथा कानूनी सलाहाकार किरपाल सिंह ठाकुर, सोशल मीडिया प्रवक्ता अंकज डढवाल सहित आमंत्रित अतिथि पिंकी ठाकुर और वीरेन्द्र सिंह ठाकुर व अन्य शामिल हुये।

Exit mobile version