#bnnindianews चंडीगढ़, 9 मई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जनता हर वार्ड में कमल खिलाकर विकास और सुशासन को मजबूत बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास और सुशासन की निरंतरता बनाए रखने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है, जिससे प्रदेश में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा जनता को योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त होगा।
नगर निगम चुनाव के दौरान सोनीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से संवाद किया और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में 10 मई को मतदान की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी पार्टी है, जिसने हमेशा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। भाजपा सरकार में ही प्रदेश और शहरों का समग्र विकास संभव है।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है। नायब सैनी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। चाहे गरीब कल्याण की योजनाएं हों, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हों, महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयास हों या फिर आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के कार्य हर क्षेत्र में सरकार ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है।
उन्होंने कहा कि 10 मई को प्रदेश के सोनीपत, रेवाड़ी, अंबाला, पंचकूला, सांपला, उकलाना सहित जिन-जिन क्षेत्रों में चुनाव हो रहे हैं, वहां की जनता भाजपा को भरपूर समर्थन देने का मन बना चुकी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अपने शहरों के सुनियोजित विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और मजबूत प्रशासन के लिए भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सोनीपत नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी सहित सभी वार्डों के भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि सोनीपत में 23 कमल के फूल खिलाकर सोनीपत के विकास को और गति देने का काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने हरियाणा को विकास की नई दिशा दी है और अब नगर निकायों में भी भाजपा की जीत से ट्रिपल इंजन सरकार बनाकर विकास को और मजबूती मिलेगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली का जोरदार स्वागत किया और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर विश्वास जताया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के परिवारजन उपस्थित रहे।

