#bnnindianews
कोलकाता। पश्चिम Bengal की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा विधायक दल ने सुवेंदु अधिकारी को अपना नेता चुन लिया है। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सुवेंदु अधिकारी शनिवार सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित एनडीए के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगी। बैठक के बाद अमित शाह ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
56 वर्षीय सुवेंदु अधिकारी ने इस विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया। वहीं नंदीग्राम सीट से भी उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। इससे पहले 2021 के चुनाव में भी उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम में मात दी थी। भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में 207 सीटों पर जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया।
महिला सुरक्षा होगी सरकार की पहली प्राथमिकता
विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि ममता सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ा, जिससे विकास बाधित हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार घुसपैठ, राजनीतिक हिंसा और कट मनी जैसी समस्याओं को खत्म करेगी। महिला सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
संदेशखाली और आरजी कर मामले की होगी जांच
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक हिंसा और उत्पीड़न झेला है, लेकिन अब राज्य में बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि संदेशखाली और आरजी कर मेडिकल कॉलेज जैसे मामलों की जांच के लिए रिटायर्ड जजों की अगुवाई में विशेष आयोग गठित किए जाएंगे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
चुनावी वादों को पूरा करने का दावा
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सभी चुनावी वादों को लागू किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पश्चिम बंगाल के विकास और पुनर्निर्माण के लिए काम करेंगी। साथ ही संस्थागत भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए भी विशेष आयोग बनाए जाएंगे।

