#BNNINDINAEWS देहरादून: प्रख्यात फिल्म निर्माता शिव नारायण सिंह रावत द्वारा लिखित और निर्देशित नई गढ़वाली फिल्म ‘कंडाली’ का पहला गीत देहरादून स्थित निषाद स्टूडियो में रिकॉर्ड किया गया। इस गीत को गायिका नीलू ने अपनी मधुर आवाज दी।
फिल्म का पटकथा लेखन एवं निर्देशन राजेश भंडारी और वीरेंद्र पटवाल ने संयुक्त रूप से किया है। इस दौरान फिल्म की नायिका अंबिका रावत, संगीतकार एवं निर्देशक निषाद चंद्र, बाल कलाकार जीवा रावत सहित पूरी टीम मौजूद रही।
गीत की रिकॉर्डिंग के बाद फिल्म टीम ने उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और उनके पति, पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी से मुलाकात की, जहां फिल्म का पोस्टर भी लॉन्च किया गया।
फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के मनमोहक प्राकृतिक स्थलों पर जारी है और जल्द ही इसके रिलीज़ होने की संभावना जताई जा रही है।
🌿 महिला सशक्तिकरण की कहानी
फिल्म ‘कंडाली’ एक प्रेरणादायक कहानी पर आधारित है, जिसमें एक गरीब गांव की लड़की के संघर्ष को दिखाया गया है। यह किरदार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आईपीएस अधिकारी बनकर समाज में फैले अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है।
⭐ उम्मीदें और संदेश
फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। उम्मीद की जा रही है कि ‘कंडाली’ उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के साथ-साथ महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और आत्मनिर्भरता को बड़े पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी।

