युवाओं को सही सूचना फैलाने, फेक न्यूज का मुकाबला करने और जनहित के मुद्दों को साहसपूर्वक उठाने के लिए तैयार करेंगे : डॉ. चंदन राणा
देशभर के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय लोगों को एकजुट कर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा यह कार्यक्रम : सचिन गालव
चण्डीगढ़ : भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने देशभर में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘संविधान लीडरशिप प्रोग्राम’ की शुरुआत की है। इस राष्ट्रीय अभियान के आगाज़ की जानकारी चण्डीगढ़ युवा कांग्रेस ने प्रेस वार्ता करके दी। कार्यक्रम में चण्डीगढ़ युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक लुबाना की अगुवाई में राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. चंदन राणा सहित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने अभियान का पोस्टर जारी कर इसकी औपचारिक शुरुआत की।
युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एक मजबूत वैकल्पिक मीडिया पाइपलाइन तैयार करना है। इसके तहत सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स, स्थानीय जागरूक मीडिया, कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को एक साझा मंच पर लाया जाएगा, ताकि जनहित के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके और मजबूत वैचारिक संवाद स्थापित हो सके।
राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. चंदन राणा ने कहा कि समाचार और सूचना के प्रवाह में पारदर्शिता लाने के लिए युवा कांग्रेस जमीनी स्तर पर काम करने वाले सामाजिक इन्फ्लुएंसर्स से जुड़ेगी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों पर आधारित इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को सही सूचना फैलाने, फेक न्यूज का मुकाबला करने और जनहित के मुद्दों को साहसपूर्वक उठाने के लिए तैयार किया जाएगा।
डॉ. राणा ने कहा कि मौजूदा समय में सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति को लेकर कई बार केंद्र सरकार और एजेंसियों द्वारा अनुचित कानूनी कार्रवाई की जाती है। ऐसे मामलों में युवा कांग्रेस अपने विधि प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रभावित लोगों को कानूनी सलाह और सहायता भी उपलब्ध कराएगी।
कांग्रेस पार्षद सचिन गालव ने कहा कि यह कार्यक्रम देशभर के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय लोगों को एकजुट कर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह अभियान युवाओं के लिए नेतृत्व निर्माण, सामाजिक जागरूकता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का बड़ा मंच बनेगा।

