Site icon

चंडीगढ़ में भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

full13515

#bnnindianews

चंडीगढ़, भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश कार्यालय, सेक्टर 33 में पार्टी का स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जम्मू-कश्मीर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रविंद्र रैना रहे, जो इस स्थापना दिवस कार्यक्रम के चंडीगढ़ प्रभारी भी हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रविंद्र रैना द्वारा भारतीय जनता पार्टी के ध्वज के ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के कन्वीनर प्रदेश उपाध्यक्ष राजकिशोर तथा सह-कन्वीनर मीनाक्षी ठाकुर, अमित राणा, अवि भसीन एवं शशि शंकर तिवारी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी एवं संजीव राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान उन वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिनके समर्पण, संघर्ष और अथक परिश्रम के कारण आज भारतीय जनता पार्टी विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हुई है। इस अवसर पर जतिंदर चोपड़ा, देशराज टंडन एवं पुरुषोत्तम महाजन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में रविंद्र रैना ने भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 में हुई थी। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलते हुए आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई है । उन्होंने बताया कि जनसंघ से लेकर आज तक की यात्रा में अनगिनत कार्यकर्ताओं के त्याग और समर्पण ने पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त पहचान बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी समर्पण भाव से संगठन को और अधिक मजबूत करें।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के इतिहास और विचारधारा पर प्रकाश डाला तथा सभी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत कर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के पश्चात रविंद्र रैना एवं प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने वरिष्ठ कार्यकर्ता जतिंदर चोपड़ा के निवास स्थान पर जाकर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके निवास पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज स्थापित किया। इसके उपरांत मंडल नंबर 21 के फैदा गांव में स्थापना दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। इसी क्रम में मंडल नंबर 31 के गांव कज़ेहड़ी एवं मंडल नंबर 28 के मलोया में भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विशेष उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस केवल प्रदेश कार्यालय तक सीमित न रहकर पूरे चंडीगढ़ के सभी 35 मंडलों में बूथ स्तर तक बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज स्थापित किया, जिससे संगठन की जड़ों को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने यह दर्शाया कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन निरंतर सशक्त और विस्तारशील हो रहा है।

Exit mobile version