#bnnindianews
पंचकूला/06 अप्रैल:- पंचकूला पुलिस द्वारा अवैध खनन पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 5/6 अप्रैल की देर रात करीब 2 बजे पुलिस टीम ने सैक्टर-28 पंचकूला स्थित घग्गर नदी क्षेत्र में छापेमारी करते हुए अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सैक्टर-21 चौकी इन्चार्ज दीदार सिंह व सैक्टर-25 चौकी टीम, जिसमें एएसआई सुनील कुमार शामिल थे, द्वारा देर रात विशेष गश्त और चैकिंग के दौरान घग्गर नदी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनन सामग्री से लदी 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
टीम द्वारा तुरंत थाना चंडीमंदिर को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल सिंह व सब-इंस्पेक्टर विजेंद्र पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और कार्रवाई को आगे बढ़ाया। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना चंडीमंदिर में खड़ा किया गया, जहां आज माइनिंग विभाग की टीम द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए वाहनों को इंपाउंड कर दिया गया है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने इस कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पंचकूला पुलिस जिले में अवैध खनन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रात के समय विशेष गश्त बढ़ाई गई है और पुलिस टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि अवैध खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

