#bnnindianews सैकड़ों तमिल समुदाय के लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ, राजीव गांधी कांग्रेस भवन में भव्य शामिलीकरण
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को आज उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली जब शहर के तमिल समुदाय के सैकड़ों लोगों ने राजीव गांधी कांग्रेस भवन, सेक्टर-35 में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। इन सभी का स्वागत चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लकी की उपस्थिति में किया गया। कांग्रेस नेताओं ने पार्टी में शामिल हुए सभी सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके आने से संगठन और अधिक मजबूत होगा।
इससे पूर्व सेक्टर-32 में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि उन्होंने अपनी सांसद निधि के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि शहर के हर क्षेत्र का समान रूप से विकास हो—चाहे वह सेक्टर हों, गाँव हों या कॉलोनियाँ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से शहर के कमजोर वर्गों, मजदूरों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की आवाज़ को बुलंद करती आई है और आगे भी करती रहेगी।
मनीष तिवारी ने बताया कि हाल ही में हुई एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में उन्होंने शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। इनमें कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक दिलाने, लाल डोरे के विस्तार, शेयर वाइज रजिस्ट्री के मुद्दे तथा हाउसिंग बोर्ड द्वारा लोगों को नोटिस जारी करने जैसे मामलों को प्रशासक और संबंधित कमेटी के समक्ष प्रमुखता से रखा गया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लकी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार मजबूती की ओर अग्रसर है और आज तमिल समुदाय के सैकड़ों लोगों का पार्टी में शामिल होना इसका स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज के विभिन्न वर्गों और अन्य राजनीतिक दलों से भी बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़ेंगे।
एच.एस. लकी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम चुनावों की तैयारियाँ पूरे जोश के साथ शुरू कर दी हैं और भाजपा की विफलताओं को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में नगर निगम में 10 में से 9 मेयर भाजपा के होने के बावजूद शहर का विकास ठहर सा गया है और एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं, जिससे भाजपा की कार्यप्रणाली पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर शहर से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएँ और कांग्रेस की नीतियों को लोगों तक पहुँचाएँ।
इस अवसर पर प्रवीण शर्मा टीटू, विक्टर सिद्धू, एरिया पार्षद अंजू कटियाल, पवन शर्मा, चंद्रमुखी शर्मा, बलविंदर कौर, सुखविंदर, राजदीप सिद्धू, विपनजोत सिंह अमन , ज़ाहिद प्रवेज खान, वसीम मीर, इमरान मंसूरी, अमन सलैच, कविता, सरबजीत ,सोनिया जैसवाल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

