#bnnindinaews
चंडीगढ़, मार्च 14, 2026: समाज सेवा और जनस्वास्थ्य को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम के तहत निःशुल्क मल्टीस्पेशियलिटी मेडिकल चेक-अप कैंप, रक्तदान शिविर तथा कीर्तन समागम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विमेन एंड चाइल्ड केयर वेलफेयर फाउंडेशन (रजि.) तथा वेलफेयर कमेटी, रामगढ़िया सभा, सेक्टर-27 डी चंडीगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से रामगढ़िया भवन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जसबीर कौर, अध्यक्ष , विमेन एंड चाइल्ड वेलफेयर फाउंडेशन ने बताया कि मेडिकल कैंप में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क परामर्श और स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की गई। कैंप में जनरल मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, ब्रेस्ट एवं एंडोक्राइन विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को सलाह दी गई।
कमलजीत सिंह, जनरल सेक्रेटरी, विमेन एंड चाइल्ड वेलफेयर फाउंडेशन ने बताया कि फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर और वजन की जांच की गई। डॉ. ग्रेवाल आई हॉस्पिटल द्वारा नेत्र जांच की गई, जबकि डेंटल आर्टिस्ट्री, चंडीगढ़ की टीम ने दंत जांच की सुविधा प्रदान की। तेरा ही तेरा मिशन अस्पताल द्वारा मैमोग्राफी की व्यवस्था की गई तथा नो डाइट सिस्टम आयुर्वेदिक हर्बल द्वारा आयुर्वेदिक एवं हर्बल स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।
रक्तदान शिविर का आयोजन गवर्नमेंट कैंसर हॉस्पिटल, चंडीगढ़ के सहयोग से किया गया, जबकि पंजाब रेड क्रॉस सोसाइटी ने भी इस स्वास्थ्य एवं रक्तदान अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन चंडीगढ़ की पूर्व मेयर एवं पार्षद श्रीमती हरप्रीत कौर बबला द्वारा किया गया। आयोजकों के अनुसार सेक्टर-19, 27 और 28 सहित आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इतना ही नहीं भवन में वूमेन एंड चाइल्ड केयर वेलफेयर फाउंडेशन (रजि.) की तरफ से एक विशेष समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। आयोजकों ने समाज में महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए महिला सशक्तिकरण और सम्मान के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कीर्तन समागम भी आयोजित किया गया, जिसमें रामगढ़िया सभा गुरुद्वारा सेक्टर-27 के रागी जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त बीबी हरजिंदर कौर सिमरन (मोहाली वाले) ने सिमरन साधना एवं कीर्तन रस से संगत को निहाल किया, जबकि डॉ. हरजीत सिंह जी सबरवाल (तेरा ही तेरा मिशन) ने भी कीर्तन की सेवा निभाई। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का लंगर भी लगाया गया।