Site icon

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ ‘आपकी आवाज पार्टी’ का जोरदार प्रदर्शन

WhatsApp Image 2026 03 14 at 11.47.05

#bnnindianews

चंडीगढ़, 14 मार्च: घरेलू गैस सिलेंडरों की अचानक बढ़ी कीमतों को लेकर शनिवार को वार्ड नंबर 14 में स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आपकी आवाज पार्टी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के दौरान आपकी आवाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक प्रेमपाल चौहान ने कहा कि देश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है और अब घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि आज गरीब आदमी के घर का चूल्हा बंद होने की स्थिति बन गई है और लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए हजारों की संख्या में लंबी-लंबी लाइनों में खड़े होने को मजबूर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार सब कुछ ठीक होने का दावा कर देश की जनता को गुमराह कर रही है। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरने में पूरी तरह असफल रहे हैं। बेरोजगारी और महंगाई के कारण गरीब वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।

प्रेमपाल चौहान ने गुलाब चंद कटारिया, राज्यपाल पंजाब, से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएं ताकि लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़ा न होना पड़े। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की अचानक कमी से कई घरों में चूल्हा तक बंद हो गया है, जिससे शहर का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि **चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों को अपनी कुर्सियों से निकलकर लोगों के बीच जाना चाहिए, ताकि लोग संयम बनाए रखें और किसी तरह का माहौल खराब न हो।

यह प्रदर्शन वार्ड नंबर 14 के अध्यक्ष शाहनूर चौधरी और वार्ड नंबर 15 के अध्यक्ष इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान महासचिव वीरेन्द्र कुमार सूद, एडवोकेट जीवा राज, अमित कुमार गौतम, दीपक कुमार, शशि कुमार, मीरा पाठक, अनोखे लाल, राजदुलारी और यशोदा देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पार्टी नेताओं ने मांग की कि चंडीगढ़ प्रशासन सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दे ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version