सीआरपीएफ द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 104 यूनिट रक्त हुआ एकत्र
चण्डीगढ़ / पिंजौर : केरिपुबल ( सीआरपीएफ )महानिदेशालय द्वारा जारी निर्देशानुसार, केरिपुबल के 87वें दिवस परेड समारोह के उपलक्ष्य पर ग्रुप केन्द्र, केरिपुबल, पिंजौर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रुप सेंटर ऑफिसर अरविंद राय की अध्यक्षता में ग्रुप केन्द्र पिन्जौर व 190 बटालियन के द्वारा रक्तदान कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें जीसीओ अरविंद राय एवं ग्रुप केन्द्र के अन्य राजपत्रित अधिकारियों एवं जवानों द्वारा जीएमसीएच, सेक्टर-32, चण्डीगढ से आये चिकित्सकों की देखरेख में ग्रुप केन्द्र पिन्जौर में आयोजित रक्तदान कैम्प में भाग लिया। सर्वप्रथम जीसीओ अरविंद राय द्वारा उपस्थित डॉक्टरों और उनके स्टॉफ तथा रक्तदान करने वाले कार्मिकों का स्वागत किया गया। उसके पश्चात् रक्तदान से होने वाले लाभों के बारे में सभी को अवगत कराया व जवानों और अधिकारियों व उनके परिवारजनों को अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने हेतु प्रोत्साहित किया एवं रक्तदान कैम्प का शुभारंभ किया। इस कैम्प में अधिकारियों, जवानों तथा उनके परिवारजनों ने भारी संख्या में भाग लिया व 104 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इस अवसर पर कैम्प परिसर में उपस्थित महिलाओं ने भी बढ-चढ कर सहयोग देते हुए रक्तदान किया। जीसीओ अरविंद राय ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र व मोमेंटो भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में डॉ बिथिका सिंह, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा), डॉ जगत आंनद, सीएमओ/एसजी, हर्ष त्रिपाठी, उप कमांडेंट, संदीप सिंह चौहान, उप कमांडेंट, के साथ समस्त अधिकारियों व स्टॉफ ने अपना सहयोग प्रदान किया ।

