#bnnindianews
पंचकूला/बरवाला/ 24 फरवरी :- सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज बरवाला क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, गांव बतौड़ में पंचकूला ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी एसपीओ रोशनलाल ने विद्यालय के छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क पर सुरक्षित चलने के महत्वपूर्ण नियमों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया। साथ ही छात्रों को बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़े हादसों से बचा जा सकता है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह यातायात नियमों का पालन करे।
कार्यक्रम के दौरान एसपीओ रोशनलाल ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया, ताकि समाज में सड़क सुरक्षा की संस्कृति मजबूत हो सके। छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और यातायात नियमों से जुड़े सवाल पूछकर जानकारी प्राप्त की।
एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने संदेश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। बच्चों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि यही बच्चे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करेंगे। यदि हम सभी नियमों का पालन करने का संकल्प लें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

