Site icon

सक्षम 2025-26 के तहत पंचकूला में साइकिल रैली का आयोजन “तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ”

WhatsApp Image 2026 02 08 at 10.59.30

#bnnindianews

पंचकूला, 8 फरवरी 2026:
पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण की बढ़ती आवश्यकता को लेकर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से तेल विपणन कंपनियों (OMCs) द्वारा सक्षम 2025-26 (संरक्षण क्षमता महोत्सव) का आयोजन 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा सेक्टर-5, पंचकूला में एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

इस रैली को रोहित कौल, उप महाप्रबंधक (HPCL), अरविंद कुमार, उप महाप्रबंधक (HPCL) एवं त्रुप्ति रंजन साहू, उप महाप्रबंधक (HPCL) ने सुबह कैक्टस पार्क के पीछे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली से पूर्व प्रतिभागियों को पेट्रोलियम उत्पादों के संरक्षण की आवश्यकता को लेकर शपथ भी दिलाई गई।

रैली में लगभग 150 स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ईंधन संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुँचाया। इस अवसर पर स्थानीय साइक्लिंग क्लब ने भी कार्यक्रम को अपना सहयोग प्रदान किया।

गौरतलब है कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा, पूर्व में पीसीआरए (अब भंग) और तेल सार्वजनिक उपक्रमों के माध्यम से वर्ष 1991 से देशभर में ऑयल एंड गैस कंजर्वेशन फोर्टनाइट (OGCF) का आयोजन किया जाता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तेल विपणन कंपनियां आम नागरिकों को पर्यावरण और ईंधन संरक्षण के इस पुनीत उद्देश्य से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं।

‘सक्षम’ अभियान के अंतर्गत वॉकाथॉन, टीवी एवं रेडियो वार्ता, वाद-विवाद, समूह चर्चाएं, ग्रैफिटी एवं स्कूल-कॉलेजों में वॉल पेंटिंग प्रतियोगिताएं जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सक्षम 2025-26 का टैगलाइन है:
“तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ”
“Conserve Oil & Gas, Go Green”

इस अवसर पर HPCL के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया और प्रतिभागियों से अपील की कि वे स्वयं ईंधन बचत की आदत अपनाएं तथा अपने परिवार, संस्थानों और समाज में भी इस संदेश को फैलाएं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का समय देने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

Exit mobile version