Site icon

कालका में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पंचकूला पुलिस के जवान सम्मानित

WhatsApp Image 2026 01 27 at 18.32.47

#bnnindianews

कालका/पंचकूला:- गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कालका में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर कालका की विधायक शक्ति रानी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और पंचकूला पुलिस के उन जांबाज पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया है।

समारोह के दौरान विधायक शक्ति रानी द्वारा पंचकूला पुलिस के पांच पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह, प्रीतम सिंह, मुख्य सिपाही वासुदेव, सिपाही अनिल कुमार तथा सिपाही सागर शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने सभी पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही विधायक शक्ति रानी द्वारा एसीपी कालका आशीष कुमार को भी उनके कुशल नेतृत्व एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पंचकूला पुलिस की दो प्लाटूनों ने सब इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह के नेतृत्व में शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। अनुशासित कदमताल और एकरूपता से किए गए मार्च पास्ट ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और पुलिस बल की कार्यक्षमता व अनुशासन का प्रभावी प्रदर्शन किया।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया, वहीं पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और गौरव का माहौल बना रहा।

Exit mobile version