मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार का पहला साल आज पूरा हो रहा है। अपने पहले ही साल में हरियाणा सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले जनता से किए 217 में से 46 संकल्प पूरे कर लिए हैं। हरियाणा सरकार ने दावा किया है कि 158 वादों पर काम प्रगति पर है। साथ ही दावा किया है कि इस वित्त वर्ष में 90 से ज्यादा संकल्प पूरे कर लिए जाएंगे।
सैनी सरकार ने शहीद सैनिकों के बच्चों को 6वीं से 12वीं कक्षा तक 60,000 रुपये, स्नातक तक 72,000 रुपये व स्नातकोत्तर तक 96,000 रुपये प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति व महिला सरकारी कर्मचारियों को उनके मनचाहे दिन पर मासिक छुट्टी का भी प्रावधान किया। इसके अलावा डंकी रूट की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए कानून लागू करने के साथ खिलाड़ियों को 500 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी की भी सौगात दी।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पंचकूला में ग्रामीण आवास योजना 2.0 के लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर वितरित करेंगे, उनके साथ राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा मौजूद रहेंगी। वहीं, केंद्रीय आवास शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल फरीदाबाद, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर पलवल, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण करनाल, विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण मिड्ढा जींद, ऊर्जा मंत्री अनिल विज अंबाला, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार पानीपत, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह गुरुग्राम, उच्चतर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सोनीपत में शिरकत करेंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मेवात ,सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा रोहतक, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा यमुनानगर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा हिसार ,सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सिरसा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भिवानी, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव रेवाड़ी, खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर और राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा झज्जर , खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम और राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा कैथल ,राज्यसभा सांसद सुभाष बराला फतेहाबाद, राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी चरखी दादरी, लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह महेंद्रगढ़, लोकसभा सांसद श्री नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र जिला में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

