भाजपा ने ‘नशा मुक्त यात्रा’ के तहत ‘युवा सम्पर्क अभियान’ में दी बड़ी जिम्मेदारी
अमृतसर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही ‘ नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में हल्का उत्तरी से भाजपा नेता अक्षय शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। अक्षय शर्मा को इस यात्रा में युवकों को जोड़ने हेतु ‘युवा संपर्क अभियान ‘ का 21 विधानसभा हल्कों का इंचार्ज बनाया गया है। यात्रा की शुरुआत कल 18 सितंबर को पठानकोट से होगी।
नशों से दूर करने को युवाओं से किया जाएगा संपर्क
भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने बताया कि पंजाब में नशे की समस्या के खिलाफ भाजपा यह यात्रा 18 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक निकालेगी। जिसकी शुरुआत: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 सितंबर को पठानकोट (माधोपुर) से करेंगे।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों और करीब 12,000 गांवों से होकर गुजरेगी। इसे चार अलग-अलग रूटों (पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो) से शुरू किया जा रहा है। जिसका समापन 30 सितंबर को जालंधर में एक बड़ी रैली के साथ होगा जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो सकते हैं।
अक्षय शर्मा ने बताया कि इस यात्रा के लिए उन्हें बेहद एहम जिम्मेदारी दी गई है जिसमें अजनाला, राजासांसी, अटारी, अमृतसर वेस्ट, अमृतसर सेंट्रल, अमृतसर साउथ, अमृतसर ईस्ट, अमृतसर नॉर्थ, मजीठा, जंडियाला, बाबा बकाला, तरन तारन, खडूर साहिब, खेम करण, पट्टी, फिरोजपुर सिटी, गुरु हर सहाय, फिरोजपुर रूरल, जीरा, सुल्तानपुर लोधी, भूलथ का युवा सम्पर्क अभियान का इंचार्ज लगाया गया है। इन विधानसभा हल्कों में यह यात्रा 22 से 28 तक चलेगी।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश की ऐसी कड़ी है जिससे न केवल विकास की राह आसान होगी बल्कि जो बुराइयां इस समय पंजाब पर हावी हैं उनका खात्मा होगा।
उन्होंने कहा कि युवकों से संपर्क सिर्फ यात्रा के लिए ही नहीं किया जा रहा बल्कि उन्हें साथ जोड़कर नशे के खिलाफ यह बड़ी जंग छेड़ी जा रही है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी चाहते हैं कि पंजाब की बागडोर युवाओं के हाथ हो ताकि जो राज्य आज नशे में लिप्त है वो राज्य कल फिर से उसी सुनहरी दौर को जिये जिसमें वहां के नौजवानों की मिसाल दी जाती थी।इसीलिए भाजपा लगातार युवकों के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है ओर विधासभा चुनावों के बाद भी काम करती रहेगी।