30 हजार राशन कार्ड डिजिटल प्रक्रिया में अटके, आप ने साधा भाजपा पर निशाना

आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ ने राशन वितरण को मोबाइल ऐप आधारित डिजिटल प्रक्रिया से जोडऩे पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि इससे शहर के हजारों गरीब ,मजदूर, बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर-39 स्थित आप कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार और नेता प्रतिपक्ष हरदीप सिंह बुटेरला ने सरकार से व्यवस्था को सरल बनाने की मांग की।

विजयपाल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ में 83,446 राशन कार्ड हैं और इनके तहत करीब 2.8 से 2.9 लाख लोग एनएफएसए के तहत राशन के पात्र हैं। उन्होंने दावा किया कि 25 हजार से अधिक लाभार्थी अपनी जानकारी जमा कर चुके हैं और 22 हजार से अधिक ने ऐप डाउनलोड किया है, जबकि करीब 30 हजार राशन कार्ड धारक अभी डिजिटल प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या डिजिटल व्यवस्था की जमीनी चुनौतियों को दर्शाती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जिन गरीब परिवारों के पास स्मार्टफोन, इंटरनेट या डिजिटल जानकारी नहीं है, वे इस प्रक्रिया को कैसे पूरा करेंगे। उन्होंने सरकार से स्पष्ट करने को कहा कि क्या ऐप डाउनलोड या ्यङ्घष्ट प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाने पर किसी पात्र व्यक्ति का राशन प्रभावित होगा।

हरदीप सिंह बुटेरला ने कहा कि स्मार्टफोन खरीदना, इंटरनेट चलाना और हर महीने रिचार्ज कराना गरीब परिवारों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। वहीं कुलदीप कुमार ने कहा कि बुजुर्ग, अशिक्षित और तकनीकी जानकारी से वंचित लोगों के लिए ऑफलाइन व्यवस्था तथा सहायता केंद्र उपलब्ध होने चाहिए। आप नेताओं ने केंद्र सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की कि प्रक्रिया पूरी न होने के कारण किसी पात्र परिवार का राशन बंद न किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »