प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ आगमन से पूर्व भाजपा का “स्वच्छता से स्वागत” अभियान, सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में चला विशेष स्वच्छता कार्यक्रम

#bnnindianews

चंडीगढ़, 14 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ आगमन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा “स्वच्छता से स्वागत” कार्यक्रम के अंतर्गत आज सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। प्रातः 8:30 बजे से 10:30 बजे तक चले इस अभियान में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया और अपने श्रमदान से क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में “स्वच्छ भारत मिशन” के माध्यम से स्वच्छता को जन-जन का आंदोलन बनाया है। आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के चंडीगढ़ आगमन से पूर्व आयोजित यह “स्वच्छता से स्वागत” अभियान केवल स्वागत का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वच्छता के प्रति समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता का भी परिचायक है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। जब समाज और संगठन मिलकर ऐसे अभियान चलाते हैं तो उसका सकारात्मक संदेश दूर-दूर तक पहुंचता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, बाजार और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
अभियान में प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, प्रदेश कार्यालय सचिव दीपक मल्होत्रा, मंडल अध्यक्ष वरिंदर जेडी, मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, क्षेत्र के पार्षद दिलीप शर्मा, सेक्टर-26 ग्रेन मार्केट के प्रधान मोहित सूद तथा ग्रेन मार्केट संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान करते हुए बाजार परिसर, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और यह संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी नियमित रूप से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत का संकल्प आज जन आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए पार्टी भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे जन-जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान आयोजित करती रहेगी, ताकि चंडीगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाने के लक्ष्य को और अधिक गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »