#bnnindianews सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर स्कूली छात्रों के बीच पहुंची पंचकूला ट्रैफिक पुलिस: चितकारा इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को डिस्पले के माध्यम से यातायात नियमों को लेकर किया जागरुक
पंचकूला/ 19 मई:- पंचकूला ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों विशेषकर स्कूली विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंचकूला के सेक्टर-28 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल में ट्रैफिक पुलिस पंचकूला की ओर से यातायात नियम जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिस्पले के माध्यम से सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, ट्रैफिक संकेतों की पहचान करने तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिस के एसपीओ रोशन लाल द्वारा छात्रों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने तथा ट्रैफिक संकेतों का पालन करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को पैदल सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों और आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने के बारे में भी समझाया गया। इस दौरान ईएचसी सबजीतम कुमार व एसपीओ रविन्द्र द्वारा भी छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया गया।
इस अवसर पर सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिन्द्र कुमार ने कहा कि पंचकूला पुलिस समय-समय पर स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है ताकि बच्चों में शुरुआत से ही यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, इसलिए उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक है।
विद्यालय प्रबंधन ने भी ट्रैफिक पुलिस पंचकूला के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं और उन्हें वास्तविक जीवन में सुरक्षित व्यवहार अपनाने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।